जमशेदपुर में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान संपन्न, बूथ सशक्तिकरण से AI तक मिला कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण

SHARE:

Jamshedpur:भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत जमशेदपुर महानगर के बिस्टुपुर एवं साकची पश्चिम मंडल का संयुक्त दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग गुरुवार को संपन्न हो गया। गंडक रोड स्थित स्टील सिटी हाउस में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार से शुरू होकर गुरुवार तक चला।

प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने किया। उद्घाटन सत्र की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई।


दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती और आधुनिक तकनीकों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। कुल सात प्रमुख विषयों—भाजपा का इतिहास, बूथ प्रबंधन एवं ‘मन की बात’, वैचारिक अधिष्ठान, अंत्योदय से संतृप्ति, कार्य पद्धति एवं विस्तार, सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), नमो ऐप एवं सरल ऐप के उपयोग—पर विस्तृत सत्र आयोजित किए गए।

कार्यक्रम स्थल पर भाजपा के इतिहास और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसने कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया।


उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए संजीव सिन्हा ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का एक मजबूत माध्यम है। उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके प्रशिक्षित और समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाते हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रशिक्षण में मिली जानकारी को व्यवहार में लाते हुए जन-जन तक पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी।


प्रशिक्षण वर्ग में वक्ता के रूप में पूर्व जिलाध्यक्ष बिनोद सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मिथिलेश सिंह यादव एवं जटाशंकर पांडेय, जिला महामंत्री अनिल मोदी, पूर्व प्रदेश मंत्री रीता मिश्रा तथा सोशल मीडिया संयोजक बिनोद कुमार सिंह ने विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

इस मौके पर साकची पश्चिम मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह और बिस्टुपुर मंडल अध्यक्ष मारुति नंदन पांडेय सहित मंडल पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र पटेल ने किया।

प्रशिक्षण महाअभियान के समापन के साथ कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Comment

और पढ़ें