स्व. भोगेंद्र मिश्रा की पुण्य स्मृति में माइकल जॉन सभागार में हुआ भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम

SHARE:

Jamshedpur:पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष एवं नगर कांग्रेस अध्यक्ष रहे स्वर्गीय भोगेंद्र मिश्रा की पुण्य स्मृति में स्व. भोगेंद्र मिश्रा ट्रस्ट की ओर से शुक्रवार, 17 जनवरी को बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन सभागार में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजनीतिक, सामाजिक, श्रमिक संगठनों से जुड़े गणमान्य लोगों के साथ बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय भोगेंद्र मिश्रा के चित्र पर परिवारजनों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके पश्चात अहरी श्याम एंड टीम द्वारा गणेश वंदना एवं भगवती वंदना की मनोहारी प्रस्तुति से सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत भगवती वंदना पर आधारित नृत्य कार्यक्रम दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा।
इसके बाद मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों को आमंत्रित कर दीप प्रज्वलन कराया गया। पूर्वी सिंहभूम कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह ने स्वागत भाषण देते हुए स्वर्गीय भोगेंद्र मिश्रा के सामाजिक एवं संगठनात्मक योगदान को याद किया। उनके साथ लंबे समय तक कार्य कर चुके सरदार गुरदीप सिंह ने भी भोगेंद्र मिश्रा के व्यक्तित्व, संघर्ष और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में अतिथियों का शॉल भेंट कर सम्मान किया गया। प्रमुख अतिथियों में विधायक मंगल कालिंदी, डॉ. प्रदीप कुमार बालमुचू, मालखान सिंह, यूनियन लीडर राकेश्वर पांडेय, जस्को श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय, जिला अध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह, हिदायत खान तथा जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष नट्टू झा शामिल थे।
सम्मान समारोह के दौरान जमशेदपुर के प्रमुख व्यवसायियों राहुल चौधरी, एमडी वसीम खान और राजप्रीत भाटिया को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा स्व. भोगेंद्र मिश्रा ट्रस्ट द्वारा डॉ. लक्ष्मी, डॉ. पी.के. साहू, डॉ. आशुतोष कुमार और सलोनी सिंह को समाजहित में किए गए सराहनीय कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में स्वर्गीय भोगेंद्र मिश्रा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि नगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में उनका कार्यकाल आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम के उत्तरार्ध में बच्चों द्वारा एक बार फिर सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसने सभागार में उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन स्वर्गीय भोगेंद्र मिश्रा के पुत्र एवं ट्रस्ट अध्यक्ष अनूप मिश्रा ज्योति ने किया। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों, कलाकारों एवं आयोजन से जुड़े सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अनूप मिश्रा ज्योति, आकाश चंद्र, संतोष सिन्हा, माला चौधरी, राजेश चौधरी, रूबी झा, सुनील प्रसाद, विश्वनाथ मिश्रा, नवनीत मिश्रा, आनंद मिश्रा, शेखर कुमार सहित अन्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment

और पढ़ें