Jadugoda : जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के राखा कॉलोनी में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां पूर्व यूसील कर्मी रतन बहादुर श्रेष्ठ (83 वर्ष) की कुल्हाड़ी से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई। उनका शव मंगलवार सुबह पुराने नर्सरी स्कूल परिसर स्थित एक खंडहरनुमा भवन में खून से लथपथ अवस्था में बरामद हुआ।
परिजनों के अनुसार, रतन बहादुर श्रेष्ठ सोमवार शाम घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की, जिसके दौरान उनका शव उक्त खाली भवन में मिला। घटनास्थल पर मालती सबर नामक महिला भी घायल अवस्था में पाई गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही जादूगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रोहन धीवर उर्फ रोहिना धीवर (19 वर्ष) को सांखोडीह बस्ती से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से मृतक की स्कूटी, मोबाइल और अन्य सामान बरामद किए हैं। साथ ही उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली गई है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि मृतक की नजर उसकी पत्नी पर गलत थी। सोमवार शाम घर लौटने पर पत्नी से यह बात पता चलने के बाद वह गुस्से में कुल्हाड़ी लेकर मौके पर पहुंचा और मृतक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने सिर पर दो बार और हाथ पर एक वार किया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची महिला भी इस दौरान घायल हो गई।
घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खाली पड़ी इमारतों में अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होता है, जिससे आपराधिक घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से नियमित गश्त और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में जादूगोड़ा थाना कांड संख्या 15/26, दिनांक 07 अप्रैल 2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मृतक के पुत्र संजय श्रेष्ठ के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बुधवार, 08 अप्रैल 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।









