Jamshedpur : अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर संस्कृति सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से बिस्टुपुर स्थित फ्लेबोटोमी ट्रेनिंग सेंटर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फ्लेबोटोमी कोर्स का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों ने नर्सों की सेवा भावना, समर्पण और मानवता के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को सम्मानपूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर प्रशिक्षुओं एवं अतिथियों ने संयुक्त रूप से केक काटकर अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग सेवा के महत्व पर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने स्वास्थ्य व्यवस्था में नर्सों की अहम भूमिका को रेखांकित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षक सौमित्रा चक्रवर्ती ने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था की रीढ़ होती हैं। उनका धैर्य, त्याग और सेवा भाव मरीजों के जीवन में नई उम्मीद जगाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि समाज में नर्सों का योगदान सदैव प्रेरणादायी और सम्माननीय रहेगा।
संस्था की संस्थापक मुनमून चक्रवर्ती ने कहा कि नर्सें हर परिस्थिति में मरीजों की सेवा के लिए तत्पर रहती हैं और उनका समर्पण समाज के लिए मिसाल है। उन्होंने विद्यार्थियों से सेवा और संवेदनशीलता की भावना के साथ चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित डॉ. रंजन कृष्ण बोस ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में सेवा, अनुशासन और संवेदनशीलता का विशेष महत्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को मानव सेवा के प्रति सदैव समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने विश्व प्रसिद्ध नर्स फ्लोरेंस नाइटिंगेल के योगदान को भी याद किया। उल्लेखनीय है कि उनकी जयंती के अवसर पर प्रतिवर्ष 12 मई को अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस मनाया जाता है।










