इन्कैब के मजदूरों ने प्रबंधन के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन का लिया निर्णय, गेट पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : बर्मामाइंस स्थित इन्कैब (केबल कंपनी) के मजदूरों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मजदूर साथी हरिहर महतो ने की। बैठक में मुख्य रूप से महाबीर मुर्मू एवं झारखंड श्रमिक संघ के महासचिव शैलेन्द्र मैथी उपस्थित रहे। इस दौरान मजदूरों ने कंपनी से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और अपनी मांगों को सामने रखा।

बैठक में मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन पर मनमानी का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। मजदूरों ने कहा कि उनकी समस्याओं को लेकर पूर्व में उप श्रम अधीक्षक, जमशेदपुर को कंपनी प्रबंधन के साथ वार्ता कराने के लिए आवेदन दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद वार्ता की दिशा में अब तक पहल नहीं हुई है।

चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय

बैठक में मजदूरों ने कंपनी के खिलाफ चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करने का निर्णय लिया। बैठक को संबोधित करते हुए महाबीर मुर्मू ने कहा कि जब भी मजदूर अपने अधिकारों के लिए आंदोलन करते हैं, तब कंपनी प्रबंधन की ओर से आंदोलन को कमजोर करने के प्रयास किए जाते हैं। उन्होंने मजदूरों से एकजुटता और आपसी विश्वास के साथ आंदोलन करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए वार्ता जरूरी है और यदि समय रहते पहल नहीं हुई तो मजदूर आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए मजबूर होंगे।

कंपनी गेट पर अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान

बैठक में निर्णय लिया गया कि मांगों को लेकर भविष्य में कंपनी के गेट के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में कहा गया कि यदि आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होती है तो इसकी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन और उप श्रम अधीक्षक कार्यालय की होगी।

बैठक में नारायण सोरेन, संजय शर्मा, तपन दास, कादे मुर्मू, बाली मार्डी, सतीश चंद्र, किशोर सिंह, राजकिशोर गोराई, राजकुमार नाग, सबिता दास, श्याम लाल, दुबराज हांसदा, ऐनेम नाग, रमकण टुडू, उदय पूर्ति, कानू राम बेसरा, आनंद श्रीवास्तव, मनोज तांती, दुर्गा हांसदा, मृत्युंजय यादव, बबलू टुडू, सुभाष चंद्र महतो, माधव चंद्र महतो, सोनाराम टुडू, गुरुचरण हांसदा, जसाई मुर्मू, हेमंत कुमार हेंब्रोम समेत अन्य मजदूर उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.