सरायकेला-खरसावां: जिले में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन और खनन विभाग पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। उपायुक्त के निर्देश पर बीती रात जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपति के नेतृत्व में चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत टुईडूंगरी इलाके में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया।
इस कार्रवाई में एक जेसीबी वाहन और करीब 12,000 घनफीट बालू को जब्त किया गया। खनन विभाग की टीम ने मौके पर अवैध गतिविधि पर रोक लगाते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सख्त निगरानी के तहत आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित जयप्रकाश उद्यान और कपाली थाना क्षेत्र के सापड़ा एवं गोरी घाट में भी औचक निरीक्षण किया गया। हालांकि इन स्थानों पर किसी प्रकार का अवैध खनन या बालू परिवहन गतिविधि नहीं पाई गई।
जिला खनन पदाधिकारी ने कहा कि विभाग लगातार सख्त कदम उठा रहा है और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध खनन या बालू परिवहन होता दिखे तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उस पर रोक लगाई जा सके।









