UGC new guidelines उच्च शिक्षा में समानता और सामाजिक न्याय के लिए सरकार के कदमों का भाजपा ओबीसी मोर्चा ने किया समर्थन

SHARE:

[जमशेदपुर ]
उच्च शिक्षा संस्थानों में समान अवसर, सामाजिक न्याय और भेदभाव के उन्मूलन को लेकर भारत सरकार एवं विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा किए गए सुधारात्मक प्रावधानों को भारतीय जनता पार्टी के ओबीसी मोर्चा ने पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है।

भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष सागर राय ने जारी बयान में कहा कि इन नए प्रावधानों से ओबीसी, एससी, एसटी, आर्थिक रूप से कमजोर एवं अन्य वंचित वर्गों के छात्रों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित होगा। यह कदम शिक्षा परिसरों में सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।

शिक्षा परिसरों में पारदर्शिता और जवाबदेही होगी मजबूत

सागर राय ने कहा कि समान अवसर केंद्र, समानता समिति तथा ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली जैसे प्रावधानों से विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित होगी। इससे किसी भी प्रकार के जातिगत या वर्गीय भेदभाव की शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान संभव हो सकेगा।

शिक्षा केवल डिग्री नहीं, सशक्तिकरण की नींव

भाजपा ओबीसी मोर्चा का स्पष्ट मानना है कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक सशक्तिकरण, आत्मसम्मान और समावेशी विकास की मजबूत नींव है। किसी भी छात्र या कर्मचारी के साथ जाति, वर्ग या पृष्ठभूमि के आधार पर भेदभाव कदापि स्वीकार्य नहीं है।

सरकार से प्रभावी क्रियान्वयन की मांग

ओबीसी मोर्चा ने भारत सरकार से आग्रह किया कि इन नियमों को देश के हर विश्वविद्यालय और महाविद्यालय में प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, ताकि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े छात्र तक भी न्याय और अवसर पहुँच सके।

सुधारों के साथ मजबूती से खड़ा है ओबीसी मोर्चा

सागर राय ने दोहराया कि भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा इन सुधारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है और शिक्षा में समानता व सामाजिक न्याय की इस मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग करता रहेगा।

Leave a Comment