Jamshedpur : कोल्हान के प्रसिद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र मुक्तेश्वर धाम हरिणा में रोजो संक्रांति के अवसर पर आयोजित होने वाले पारंपरिक हरिणा मेला के शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर मंगलवार को पोटका प्रखंड मुख्यालय में तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पोटका विधायक संजीव सरदार ने की।
बैठक में बीडीओ अरुण कुमार मुंडा, मुसाबनी डीएसपी रोहित कुमार राजवार, जादूगोड़ा सर्किल इंस्पेक्टर प्रवेश चंद्र सिन्हा, विभिन्न थाना प्रभारियों, चिकित्सा, वन, आबकारी, विद्युत, पेयजल एवं अंचल विभाग के अधिकारियों के साथ मेला समिति के सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान मेला संचालन, विधि-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं विभागीय समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
ग्रामीणों की मांग पर शराब और बूगी-बूगी डांस पर रोक
बैठक के दौरान हरिणा गांव के ग्रामीणों ने मेला परिसर में पूर्ण शराबबंदी तथा बूगी-बूगी डांस कार्यक्रम पर प्रतिबंध लगाने की मांग रखी। ग्रामीणों का कहना था कि इन गतिविधियों के कारण हर वर्ष विवाद एवं अशांति की स्थिति उत्पन्न होती है। इस पर विधायक संजीव सरदार ने प्रशासन को मेला क्षेत्र में शराब बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि मेला समिति पारंपरिक और सांस्कृतिक मूल्यों के अनुरूप कार्यक्रमों का चयन करे, ताकि मेले की गरिमा और धार्मिक वातावरण बरकरार रहे।

तीन राज्यों से पहुंचते हैं हजारों श्रद्धालु
विधायक ने कहा कि 15 जून से शुरू होने वाला हरिणा मेला क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। इस मेले में झारखंड, ओड़िशा और पश्चिम बंगाल से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार हरिणा को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है तथा हरिणा मेला को राजकीय मेला का दर्जा दिलाने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं।
सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर विशेष निर्देश
बैठक में विधायक संजीव सरदार ने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने बड़े वाहनों का परिचालन पांडरशोली से बुनूडीह होते हुए हरिणा गांव तक कराने तथा वाहन पार्किंग की व्यवस्था बड्डीह प्राथमिक विद्यालय परिसर में सुनिश्चित करने को कहा।
इसके अलावा पाटभोक्ताओं के आवागमन के लिए सभी प्रवेश द्वार खुले रखने, आपातकालीन परिस्थितियों के लिए मेला मार्ग को 20 फीट चौड़ा रखने, बाइक स्टंट एवं रैश ड्राइविंग पर रोक लगाने तथा मनचलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
प्रशासन रहेगा पूरी तरह मुस्तैद
बैठक के बाद मुसाबनी डीएसपी रोहित कुमार राजवार ने कहा कि प्रशासन हरिणा मेला के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की मांग के अनुरूप मेले में पूर्ण शराबबंदी लागू रहेगी और बाइक स्टंट तथा रैश ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 4 जून को मेला परिसर में एक और समीक्षा बैठक आयोजित कर सुरक्षा एवं संचालन की अंतिम रणनीति तैयार की जाएगी।
बैठक में हरिणा ग्राम प्रधान सह मुख्य पुजारी बज्रांकन दंडपात, बीडीओ अरुण कुमार मुंडा, चिकित्सा प्रभारी डॉ. रजनी महाकुड़, आबकारी विभाग के रामदास भगत, पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो, कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव, जादूगोड़ा थाना प्रभारी ईश्वर दयाल मुंडा, डुमरिया थाना प्रभारी रमेश टोप्पो, वन विभाग के सौरभ कुमार बासुरी, विद्युत विभाग के प्रकाश सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं मेला समिति के सदस्य उपस्थित थे।







