Guwa : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के समापन अवसर पर गुवा में महिला समिति द्वारा आयोजित भव्य समारोह उत्साह, सम्मान और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिससे पूरे परिसर में गौरव और प्रेरणा का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चंद्रभूषण कुमार (मुख्य महाप्रबंधक, गुवा सेल) एवं महिला समिति अध्यक्ष शालू कुमार ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया।

इस दौरान देश की सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोंसले के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इससे कार्यक्रम का वातावरण कुछ समय के लिए भावुक हो उठा। इसके पश्चात स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मनमोहक नृत्य, समूह प्रस्तुतियां और गीतों ने समारोह में जीवंतता भर दी। महिला प्रतिभागियों ने भी अपनी मधुर गायिकी से समां बांधते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी ज्ञान क्षमता का परिचय दिया। वहीं लॉटरी टिकट के माध्यम से किए गए पुरस्कार वितरण ने कार्यक्रम में रोमांच का रंग भी घोल दिया, जिसमें बच्चों ने विजेताओं की घोषणा कर सभी का उत्साह बढ़ाया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली समाजसेवी महिलाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके समर्पण और समाज सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।
कार्यक्रम का सफल संचालन महिला समिति की सचिव जयश्री नंदकोलियर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बबली द्वारा प्रस्तुत किया गया। आयोजन को सफल बनाने में गुवा सेल के सीएसआर विभाग के महाप्रबंधक अनिल कुमार का महत्वपूर्ण आर्थिक सहयोग रहा, जिसकी सभी ने सराहना की। इस अवसर पर देवकी कुमारी, आर.के. सिन्हा, बी.के. सुमन, डॉ. अशोक कुमार अमन, डॉ. टी.सी. आनंद सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं महिला समिति की सदस्याएं उपस्थित रहीं।











