गोविंदपुर थाना के पीछे हरिजन बस्ती की बिजली समस्या पर पहल, जीएम से मुलाकात के बाद खंभा लगाने का आदेश

SHARE:

Jamshedpur : गोविंदपुर थाना के पीछे स्थित आदिवासी हरिजन बस्ती में बिजली से जुड़ी गंभीर समस्याओं को लेकर सामाजिक सेवा संघ एवं झामुमो नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर बिजली विभाग के महाप्रबंधक (जीएम) से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने बस्तीवासियों की व्यावहारिक कठिनाइयों से अवगत कराते हुए त्वरित समाधान की मांग रखी।

प्रतिनिधियों ने बताया कि बस्ती में लगभग 35 घरों के उपभोक्ताओं को करीब 2000 फीट दूर से तार खींचकर बिजली कनेक्शन दिया गया है। अत्यधिक दूरी के कारण न केवल तकनीकी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं, बल्कि आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। उपभोक्ताओं की मांग पर बस्ती में बिजली का खंभा लगाने का आग्रह जीएम के समक्ष रखा गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिजली विभाग के महाप्रबंधक ने तत्काल संबंधित पदाधिकारी को फोन कर खंभा लगाने का निर्देश दिया, जिससे बस्तीवासियों ने राहत की सांस ली। इसी क्रम में गोविंदपुर के एक उपभोक्ता का अचानक ₹36,000 का बिजली बिल आने का मामला भी जीएम के संज्ञान में लाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने इसे स्पष्ट रूप से बिलिंग में हुई गड़बड़ी बताते हुए तत्काल सुधार कर सही बिल जारी करने का आग्रह किया, जिस पर जीएम ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल में सामाजिक सेवा संघ अध्यक्ष सह झामुमो नेता राजेश सामंत, झारखंड आंदोलनकारी नेता छोटे सरदार, समाजसेवी सोनू श्रीवास्तव, जितेन्द्र ठाकुर, राकेश शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। प्रतिनिधियों ने कहा कि वे आगे भी आम उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर विभाग से संवाद करते रहेंगे, ताकि बुनियादी सुविधाओं से कोई वंचित न रहे।

Leave a Comment