Guwa : गुवा क्षेत्र में शुक्रवार को ईसाई समुदाय ने गुड फ्राइडे का पर्व गहरी श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच मनाया। इस अवसर पर विभिन्न गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
जी० ई० एल० चर्च, गुवा में सुबह 8 बजे विशेष आराधना सभा आयोजित की गई। इस पावन अनुष्ठान की अगुवाई पाद्री सुशील कुमार बागे ने की। सभा के दौरान पवित्र बाइबल से यहुन्ना रचित सुसमाचार का पाठ किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को आध्यात्मिक रूप से गहराई से जोड़ दिया।
अपने उपदेश में पाद्री बागे ने कहा कि प्रभु यीशु मसीह ने सम्पूर्ण मानव जाति के पापों का भार स्वयं उठाकर क्रूस पर बलिदान दिया। उन्होंने इस दिन को त्याग, प्रेम और क्षमा का प्रतीक बताते हुए कहा कि इन मूल्यों को हर व्यक्ति को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
प्रार्थना सभा के दौरान प्रभु यीशु के क्रूस पर कहे गए सात वचनों (सात क्रूस वाणी) को भक्ति गीतों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। इस भावपूर्ण प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भाव-विभोर कर दिया। इसके साथ ही प्रभु भोज संस्कार (होली कम्यूनियन) का भी विधिवत आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सण्डे स्कूल के बच्चों ने भी भक्ति गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा और माहौल को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया।
इस अवसर पर चर्च परिसर श्रद्धालुओं से भरा रहा। सभी ने सामूहिक प्रार्थना में भाग लेकर शांति और मानव कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम में पंचम जोर्ज सोय, मंगल दास पुरती, विक्टर ओड़ेया, हरजीवन कश्यप, नोएल मिंज, जुस बारला, विमल कुजूर, रिकी सुरीन, कुमुद पुरती, ललिता सुरीन, विलचिना तिग्गा, रजनी सुरीन, महिमा कुजुर, विनिता ओड़ेया, मोनिका होरो, आशा हेम्ब्रोम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









