गोलमुरी में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक अराजकता के खिलाफ भाजपा का अल्टीमेटम, थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन

SHARE:

Jamshedpur:गोलमुरी थाना क्षेत्र में गिरती कानून-व्यवस्था और बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर आम लोगों में गहरा असंतोष व्याप्त है। चोरी, नशाखोरी, मटका-लॉटरी और खुलेआम अड्डेबाजी ने क्षेत्र को असुरक्षित बना दिया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को भाजपा गोलमुरी मंडल के कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय के नेतृत्व में गोलमुरी थाना प्रभारी एवं ट्रैफिक थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि बजरंग नगर और केबुल बस्ती क्षेत्र में नशेड़ियों का जमावड़ा आम हो गया है। केबुल कंपनी परिसर में दिनदहाड़े चोरी की घटनाएं हो रही हैं, वहीं गोलमुरी बाजार क्षेत्र में रात ढलते ही असामाजिक तत्वों की सक्रियता बढ़ जाती है, जिससे स्थानीय लोग भय के साये में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
ट्रैफिक व्यवस्था भी पूरी तरह चरमराई
क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था भी गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। केरला समाजम स्कूल और सेंट जोसेफ हाई स्कूल के सामने सुबह तथा छुट्टी के समय भारी जाम लगता है। वहीं, आकाशदीप प्लाजा स्थित मिराज सिनेमा के सामने सड़क पर दिनभर अवैध रूप से वाहन खड़े रहते हैं। लोग चौक और सड़क किनारे गाड़ियां लगाकर मॉल और सिनेमा हॉल चले जाते हैं, जिससे प्रतिदिन जाम की स्थिति बनी रहती है और आम राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय ने कहा कि गोलमुरी क्षेत्र में अपराधियों और नशे के कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं। प्रशासन का भय समाप्त होता नजर आ रहा है। स्कूलों और बाजार क्षेत्रों में ट्रैफिक पूरी तरह अव्यवस्थित है। इन तमाम समस्याओं को लेकर प्रशासन से ठोस समाधान की मांग की गई है। यदि शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो भाजपा कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
वहीं, थाना और ट्रैफिक प्रशासन की ओर से सभी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।
इस दौरान भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मिथिलेश सिंह यादव, जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अप्पा राव, पूर्व मंडल अध्यक्ष धीरज पासवान, मंडल महामंत्री अशोक सामंत, श्रीनू राव, अभिमन्यु सिंह, बंटी अग्रवाल, हरेराम यादव, मुकेश चौधरी, नवजोत सिंह सोहल, अमिश अग्रवाल, सीनू राव, रंजीत सिंह, ऋषव सिंह, अमरेंद्र कुमार, सन्नी सिंह चौहान, बिमला साहू, चंद्रकांता सिंह, इंदरजीत सिंह, मोहम्मद नौशाद, दीपक मुखर्जी, नौशाद खान, रवींद्रनाथ घोष, पीजुश पॉल, खतीब खान, अनिल सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment