Jamshedpur : विश्व डेंगू दिवस के अवसर पर टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (टाटा स्टील यूआईएसएल) एवं जिला स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कदमा स्थित कुड़ी मोहंती ऑडिटोरियम में डेंगू रोकथाम एवं नियंत्रण विषयक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गीता थिएटर जमशेदपुर के युवा कलाकारों द्वारा प्रस्तुत जागरूकता नाटक “अबकी बार फिर पलटी मार” रहा, जिसने मनोरंजन के साथ-साथ डेंगू से बचाव का प्रभावी संदेश दिया।
टाटा स्टील यूआईएसएल के #PALTIMAR3 अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को डेंगू के प्रति जागरूक करना और घरों के आसपास जलजमाव रोकने के लिए प्रेरित करना था। कार्यशाला में 350 से अधिक हितधारकों ने भाग लिया, जिनमें स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि, सरकारी अधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी एवं स्वच्छता पर्यवेक्षक शामिल थे।
गीता थिएटर के कलाकारों ने जीवंत अभिनय और प्रभावशाली संवादों के माध्यम से दर्शाया कि घरों के कूलर, गमलों, टायरों और अनुपयोगी बर्तनों में जमा साफ पानी डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छरों के पनपने का प्रमुख कारण बनता है। नाटक में लोगों को सप्ताह में कम से कम एक दिन ऐसे बर्तनों को खाली कर ‘पलटी मार’ की आदत अपनाने का संदेश दिया गया, ताकि मच्छरों के लार्वा को नष्ट किया जा सके।
कार्यक्रम में उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल कुमार भटनागर, महाप्रबंधक (टाउन ओ एंड एम) आर.के. सिंह तथा टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड सर्विस श्रमिक यूनियन के रघुनाथ पांडेय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल कुमार भटनागर ने कहा कि डेंगू जैसी बीमारी से लड़ने में केवल प्रशासनिक प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि सामुदायिक भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गीता थिएटर के कलाकारों ने नाटक के माध्यम से जिस प्रभावशाली ढंग से जागरूकता का संदेश दिया है, वह लोगों तक सीधे पहुंचता है और व्यवहार में बदलाव लाने में मददगार साबित होगा।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को अपने घरों और कार्यस्थलों को डेंगू-मुक्त बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान मच्छरों के पनपने की स्थिति मिलने पर दंडात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।
नाटक “अबकी बार फिर पलटी मार” में मिस माया की भूमिका में गीता कुमारी, जादूगर शाकल की भूमिका में प्रेम दीक्षित, डेंगू पीड़ित महिला की भूमिका में सुष्मिता सरकार तथा डेंगू मच्छर के लोकप्रिय किरदार में आनंत सरदार ने प्रभावशाली अभिनय किया। वहीं खुशी पांडे और आयुष सिंह ने सहायक कलाकार के रूप में अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
इस आयोजन के माध्यम से डेंगू रोकथाम के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने काफी सराहा।








