पहली पुण्यतिथि पर अजय कुमार पांडेय को अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि, महाशिवरात्रि पर भावनात्मक माहौल

SHARE:

Ghatshila:गौरवपूर्ण महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर रविवार को घाटशिला प्रेस क्लब की ओर से वरिष्ठ पत्रकार स्व. अजय कुमार पांडेय की पहली पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कॉलेज रोड स्थित विभूति स्मृति संसद में आयोजित कार्यक्रम में भावनात्मक माहौल के बीच पत्रकारों ने अश्रुपूर्ण नेत्रों से उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
श्रद्धांजलि सभा में घाटशिला के विधायक Somesh Chandra Soren सहित अनुमंडल क्षेत्र के 50 से अधिक पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने अजय कुमार पांडेय की तस्वीर पर अगरबत्ती जला पुष्पांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
घाटशिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष मो. परवेज की अध्यक्षता में आयोजित सभा में अजय पांडेय के जीवन और उनके निर्भीक पत्रकारिता के योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। इस दौरान पत्रकारों की

समस्याओं, सुरक्षा और संगठनात्मक मजबूती जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। अध्यक्ष मो. परवेज ने विधायक के समक्ष प्रेस क्लब के अपने भवन की आवश्यकता को प्रमुखता से रखा और पत्रकारों के हित में व्यापक कानून बनाने की मांग राज्य सरकार से कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी पत्रकार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो संगठन मजबूती से उसके साथ खड़ा रहेगा।

इस अवसर पर विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने प्रेस क्लब के लिए स्थायी भवन निर्माण में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने पदाधिकारियों से उपयुक्त सरकारी जमीन चिन्हित कर प्रस्ताव देने का आग्रह किया, ताकि वहां एक भव्य और सुव्यवस्थित भवन का निर्माण कराया जा सके। विधायक ने कहा कि पत्रकार समाज का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और उन्हें आपसी एकजुटता के साथ संगठन को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने सदस्यों से आंतरिक फंड निर्माण की दिशा में भी पहल करने की सलाह दी।
सभा को वरीय पत्रकार सुरेश सिंह चौहान, राजेश सिंह, जयकिशोर प्रसाद, संजय अग्रवाल, धनंजय सिंह, राजेंद्र यादव, मुरारी प्रसाद सहित अन्य पत्रकारों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन महासचिव रुपेश दूबे ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कार्यकारी अध्यक्ष सुशील अग्रवाल ने दिया।

प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी का होगा गठन
श्रद्धांजलि सभा के उपरांत घाटशिला प्रेस क्लब की पहली बैठक अध्यक्ष मो. परवेज की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी का गठन शीघ्र किया जाएगा। नई संरचना में संरक्षक और सलाहकार के अलावा तीन उपाध्यक्ष, दो सहायक सचिव, एक सह-कोषाध्यक्ष तथा प्रत्येक प्रखंड क्षेत्र से एक-एक कार्यकारिणी सदस्य शामिल होंगे।

यह भी तय किया गया कि प्रेस क्लब का कार्यकाल दो वर्षों का होगा और नियमित रूप से चुनाव कराए जाएंगे, ताकि संगठन लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत सक्रिय और मजबूत बना रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें