पत्रकारिता में चुनौतियों पर मंथन, घाटशिला कॉलेज में व्याख्यान माला आयोजित

SHARE:

Ghatshila:पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और वर्तमान दौर में उभरती चुनौतियों को लेकर रविवार 15 फरवरी 2026 को घाटशिला कॉलेज परिसर में एक सारगर्भित व्याख्यान माला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अजय कुमार पाण्डेय मेमोरियल कमिटी की ओर से दिवंगत पत्रकार अजय कुमार पाण्डेय की पुण्यतिथि पर किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और अजय पाण्डेय की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर की गई। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में करीम सिटी कॉलेज, जमशेदपुर की मास कम्युनिकेशन विभागाध्यक्ष डॉ. नेहा तिवारी ने “वर्तमान परिप्रेक्ष्य में पत्रकारिता और उत्पन्न चुनौतियाँ” विषय पर विस्तार से अपने विचार रखे।

डॉ. तिवारी ने कहा कि पत्रकारिता के इतिहास में हर युग में चुनौतियाँ रही हैं, किंतु पत्रकारों ने सदैव उनका सामना किया है। उन्होंने प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए कहा कि आज भी प्रिंट मीडिया पर लोगों का विश्वास टेलीविजन मीडिया की तुलना में अधिक है। कई मामलों में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की खबरें अपेक्षित विश्वसनीयता नहीं रख पातीं।

उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में कई यूट्यूब चैनल क्राउड फंडिंग के माध्यम से निष्पक्ष पत्रकारिता की मिसाल पेश कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने पाठकों और दर्शकों की भूमिका पर भी प्रश्न उठाते हुए कहा कि खबरों को जल्दबाजी में ग्रहण करने की प्रवृत्ति फेक न्यूज़ को बढ़ावा देती है। पहले जहां केवल दूरदर्शन जैसे सीमित माध्यम थे, आज सैकड़ों चैनल और डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध हैं, जिससे सूचना की बाढ़ आ गई है।
इस अवसर पर प्रभात खबर के स्थानीय संपादक संजय मिश्र ने भी पत्रकारिता के विविध आयामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तकनीक, एआई और गूगल के इस दौर में भी पत्रकारिता की प्रासंगिकता बनी हुई है। आज का पत्रकार चुनौतियों से घबराने के बजाय उनके साथ कदमताल करता है।

कार्यक्रम में शिक्षाविद प्रोफेसर मित्रेश्वर ने विषय से जुड़े प्रश्न रखकर संवाद को और समृद्ध बनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर नरेश कुमार ने की, जबकि संचालन इंदल पासवान ने किया। स्वागत भाषण दिवंगत पत्रकार अजय पाण्डेय के बड़े भाई विजय पाण्डेय ने दिया।

अंत में अजय कुमार पाण्डेय मेमोरियल कमिटी, घाटशिला की ओर से उपस्थित पत्रकारों और आमंत्रित अतिथियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों का स्वागत फूलों के पौधे देकर किया गया। कमिटी के सदस्यों और पदाधिकारियों को भी मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में प्रेस क्लब ऑफ घाटशिला के अध्यक्ष मंतोष मंडल, रवि प्रकाश सिंह, वीरेंद्र नाथ घोष, डॉ. सुनीता देवदूत सोरेन, जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू, प्रख्यात चिकित्सक डॉ. देवदूत सोरेन, दिवंगत पत्रकार अजय पाण्डेय की धर्मपत्नी एवं पुत्र, समाजसेवी आनंद अग्रवाल, सुरेश सिंह चौहान, साधु चरण पाल, साधना पाल, प्रोफेसर रमण, अनीता अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें