जीपीएस युक्त वाहनों से मतदान दल रवाना, अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव 2025 के तहत जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित को-ऑपरेटिव कॉलेज परिसर में बनाए गए डिस्पैच सेंटर से मतदान दलों को रवाना किया गया। इस दौरान सभी वाहनों को जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम से जोड़ा गया ताकि मतदान दलों की रीयल टाइम मॉनिटरिंग जिला नियंत्रण कक्ष से की जा सके।

डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री कर्ण सत्यार्थी, वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय और पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने मौके पर संपूर्ण व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मतदान कर्मियों से संवाद स्थापित किया और उन्हें शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से मतदान कार्य संपन्न कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त श्री नागेंद्र पासवान, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद सहित अन्य वरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर सामान्य प्रेक्षक राखी विश्वास की उपस्थिति में माइक्रो ऑब्जर्वर, सेक्टर पदाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की विस्तृत ब्रीफिंग की गई। प्रेक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की सुविधा, दिव्यांग मतदाताओं की सुगम पहुँच और मतदान प्रक्रिया की सतत निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाए।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री सत्यार्थी ने बताया कि सभी सेक्टर पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहेंगे और किसी भी प्रकार की शिकायत या गड़बड़ी की स्थिति में तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष को सूचित करेंगे। उन्होंने कहा कि मतदान दलों की सुरक्षित आवाजाही और मतदान सामग्री की समय पर वापसी के लिए समुचित व्यवस्था की गई है।

वरीय पुलिस अधीक्षक पांडेय ने बताया कि मतदान दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है, वहीं जिला एवं अनुमंडल स्तर पर क्विक रिस्पॉन्स टीमों को भी सक्रिय रखा गया है ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.