गम्हरिया में भूमाफियाओं पर प्रशासन का बुलडोजर एक्शन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Gamharia:सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ गम्हरिया अंचल प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। शिवनारायणपुर क्षेत्र में भूमाफियाओं द्वारा जबरन किए गए अवैध निर्माण को अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई दोपहर करीब 12 बजे शुरू होकर लगभग ढाई घंटे तक चली।
कार्रवाई के दौरान अंचल अधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी की। उनके साथ अंचल निरीक्षक, अन्य निर्धारित पदाधिकारी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात था, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटा जा सके।
प्रशासन ने मौके पर रह रहे लोगों को स्पष्ट नोटिस जारी करते हुए तत्काल स्थल खाली करने की चेतावनी दी। अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार ने दो टूक कहा कि गम्हरिया अंचल क्षेत्र में सरकारी भूमि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नीलकमल चौधरी उर्फ घोनू चौधरी और रजनी तिवारी ने लाखों रुपये लेकर सरकारी जमीन बेचने का झांसा दिया था। इस पर अंचल अधिकारी ने बताया कि दोनों के नाम सामने आ चुके हैं और उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया जाएगा।
प्रवीण कुमार ने साफ शब्दों में कहा कि यह अभियान यहीं नहीं रुकेगा, बल्कि आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य सरकारी भूमि को अतिक्रमण से पूरी तरह मुक्त कराना है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे सरकारी जमीन की खरीद-फरोख्त से बचें और भूमाफियाओं की जानकारी प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.