गम्हरिया के जगन्नाथपुर में राशन दुकानदार की संदिग्ध मौत, घर से मिला शव

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Seraikela:सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जगन्नाथपुर में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक राशन दुकानदार का शव उनके ही घर से बरामद किया गया। मृतक की पहचान 45 वर्षीय ज्ञानू राय के रूप में हुई है, जो जगन्नाथपुर स्कूल के समीप रहते थे और इलाके में एक राशन दुकान का संचालन करते थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ज्ञानू राय की पत्नी और उनके दो बच्चे इन दिनों बिहार के भोजपुर जिले के आरा स्थित पैतृक घर गए हुए थे। गुरुवार सुबह काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर उनके पुत्र ने पिता को कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका पर उसने पड़ोस में रहने वाले किराएदार को इसकी सूचना दी।

किराएदार ने देखा अचेत अवस्था में

किराएदार जब घर के अंदर गया, तो ज्ञानू राय अचेत अवस्था में पड़े मिले। तत्काल इसकी सूचना गम्हरिया थाना को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रामचंद्र रजक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।

नशे की लत और बीमारी की आशंका

थाना प्रभारी रामचंद्र रजक ने बताया कि मृतक के नशे के आदी होने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक नशा या किसी गंभीर बीमारी के कारण उनकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है। इधर, अचानक हुई इस घटना से पूरे मोहल्ले में शोक और दहशत का माहौल है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.