नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज की कैंटीनों का औचक निरीक्षण, एक के पास फूड लाइसेंस नहीं

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur:सरायकेला-खरसावां के जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन ने मंगलवार को नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल परिसर में संचालित तीन कैंटीनों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी संचालकों से वैध फूड लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा गया।

जांच में “माई कैफे” का फूड लाइसेंस वैध पाया गया। वहीं जायसवाल हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित कैंटीन के संबंध में फूड लाइसेंस के लिए आवेदन किया जाना पाया गया।

हालांकि “अमित कैंटीन” के पास वैध फूड लाइसेंस नहीं मिला। इस पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने संचालक को नोटिस जारी करते हुए लाइसेंस प्राप्त होने तक कैंटीन बंद रखने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान सभी कैंटीन संचालकों को गुणवत्ता युक्त एवं स्वच्छ खाद्य सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने, परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा किसी भी अज्ञात स्रोत से खाद्य सामग्री की खरीद या भंडारण नहीं करने के निर्देश दिए गए।

जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले के शैक्षणिक संस्थानों में संचालित कैंटीनों की नियमित जांच की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों, मरीजों और आमजनों को सुरक्षित एवं मानक अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.