Adityapur : आदित्यपुर नगर निगम चुनाव को लेकर गुरुवार को वार्ड संख्या 11 से 18 तक दाखिल नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी कर ली गई। जांच के दौरान कुल 46 नामांकन पत्रों में से 5 नामांकन तकनीकी कारणों से रद्द कर दिए गए, जबकि 41 नामांकन वैध पाए गए हैं।
निर्वाचन पदाधिकारी-सह-गम्हरिया अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि नामांकन पत्रों की गहन जांच के दौरान कई प्रत्याशियों के फॉर्म में निर्धारित मानकों के अनुरूप त्रुटियां पाई गईं। ऐसे सभी मामलों में आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत नामांकन निरस्त किए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अब उम्मीदवारों के पास शुक्रवार दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी का अवसर है। जो प्रत्याशी स्वेच्छा से चुनावी मैदान से हटना चाहते हैं, वे निर्धारित फॉर्म-1 भरकर तय समय सीमा के भीतर जमा कर सकते हैं।
नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेष उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रत्याशी अपने-अपने आवंटित चिह्नों के साथ आधिकारिक रूप से चुनाव प्रचार शुरू कर सकेंगे।
निर्वाचन पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने कहा कि पूरी नामांकन जांच एवं चुनावी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई जा रही है, ताकि निष्पक्ष और स्वच्छ चुनाव सुनिश्चित किया जा सके।









