जमशेदपुर/डुमरिया।
फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन (जनवितरण प्रणाली डीलर संघ), पूर्वी सिंहभूम जिला के डुमरिया प्रखंड इकाई का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को पोटका विधायक संजीव सरदार से मिला और अपनी आठ सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने डीलरों की प्रमुख समस्याओं को रखते हुए इन मांगों को विधानसभा सत्र में उठाने का आग्रह किया।
कमीशन भुगतान में देरी से डीलर परेशान
ज्ञापन के अनुसार NFSA योजना के तहत दिसंबर 2024 से अगस्त 2025 तक का कमीशन डीलरों को अब तक नहीं मिला है। वहीं JFSA योजना के तहत दिसंबर 2023 से जुलाई 2025 तक की राशि लंबित है। इसके अतिरिक्त चना वितरण से संबंधित कमीशन भी अप्रैल 2024 से डीलरों को नहीं मिला है, जिससे वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
स्वास्थ्य बीमा और तकनीकी सुधार की भी मांग
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि सभी डीलरों और उनके परिवारों को निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा की सुविधा मिले। साथ ही वितरण के लिए उपयोग हो रही पुरानी और खराब मशीनों को हटाकर नई मशीनें उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वितरण कार्य निर्बाध रूप से चल सके।
मानदेय और कमीशन में बढ़ोतरी की मांग
डीलरों ने अन्य राज्यों की तर्ज पर उन्हें नियत मासिक मानदेय देने की मांग रखी। इसके साथ ही वर्तमान 150 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन को बढ़ाकर 300 रुपये प्रति क्विंटल करने की भी मांग की गई है, जिससे डीलरों को आर्थिक स्थायित्व मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे कई पदाधिकारी
इस प्रतिनिधिमंडल में संगठन के अध्यक्ष कायरा तीयू, उपाध्यक्ष तरणी सेन साव, कोषाध्यक्ष सातरी टापे और जिला महासचिव राम चंद्र हाँसदा प्रमुख रूप से शामिल थे। सभी ने एक स्वर में मांगों को शीघ्र पूरा करने की अपील की।
विधायक का आश्वासन
पोटका विधायक संजीव सरदार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वे इन सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय सचिव से संपर्क करेंगे और उन्हें विधानसभा में भी प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि डीलरों की समस्याएं जनहित से जुड़ी हैं और उनके समाधान के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे।









