पूर्वसैनिक सेवा परिषद झारखंड का पुनर्गठन, कर्नल नीलांबर झा बने प्रदेश अध्यक्ष

SHARE:

Jamshedpur : अखिल भारतीय पूर्वसैनिक सेवा परिषद, झारखंड की प्रदेश प्रबंधन समिति के पुनर्गठन को लेकर रविवार को राज्य सैनिक कल्याण निदेशालय, रांची में आमसभा आयोजित की गई। बैठक में राज्यभर के पूर्व सैनिकों ने भाग लिया और संगठन को मजबूत करने पर मंथन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता की वंदना, माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात संगठन गीत के माध्यम से राष्ट्र एवं संगठन के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई। बैठक में राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एच पी सिंह, प्रदेश अध्यक्ष कर्नल अखौरी रंजन सिन्हा, प्रदेश उपाध्यक्ष कर्नल नीलांबर झा, राजेश पाण्डेय, प्रदेश महामंत्री सिद्धनाथ सिंह सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश पाण्डेय ने विगत कार्यकाल का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, वहीं निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष कर्नल अखौरी रंजन सिन्हा ने संगठन की उपलब्धियों एवं पूर्व सैनिकों की भूमिका पर प्रकाश डाला।



इसके बाद राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष के निर्देशन में नई प्रदेश प्रबंधन समिति के गठन की प्रक्रिया शुरू हुई। सर्वसम्मति से कर्नल नीलांबर झा को नया प्रदेश अध्यक्ष चुना गया, जबकि कर्नल अखौरी रंजन सिन्हा को प्रदेश संरक्षक का दायित्व सौंपा गया।

इसके अलावा पी.ओ. सिद्धनाथ सिंह को प्रदेश महामंत्री एवं अजय विश्वकर्मा को प्रदेश कोषाध्यक्ष चुना गया। अन्य पदों पर भी सर्वसम्मति से नियुक्तियां की गईं।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए एच.पी. सिंह ने कहा कि सभी सदस्य राष्ट्रहित, समाजहित और सैनिक हित के लिए समर्पित भाव से कार्य करें और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं। कार्यक्रम के अंत में प्रदेश महामंत्री सिद्धनाथ सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Leave a Comment