Saraikela : जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री और सेवन के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर शुक्रवार देर शाम उत्पाद विभाग ने सिनी क्षेत्र के आसपास स्थित कई ढाबों और फैमिली रेस्टोरेंट में औचक निरीक्षण अभियान चलाया।
उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान शीतल छाया, मां संध्या समेत 5 से 6 ढाबों और फैमिली रेस्टोरेंट की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान टीम ने प्रतिष्ठानों में शराब के अवैध भंडारण, बिक्री और सेवन से संबंधित गतिविधियों की जांच की।
अभियान के दौरान संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सार्वजनिक स्थलों और फैमिली रेस्टोरेंट में किसी भी प्रकार से शराब सेवन की अनुमति न दें। साथ ही अवैध शराब के भंडारण, बिक्री और परिचालन पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित करने को कहा गया।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने संचालकों को उत्पाद अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों और व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ नियमित रूप से सघन जांच और निरीक्षण अभियान जारी रहेगा। होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों से विधि-व्यवस्था एवं सामाजिक मर्यादा बनाए रखने में प्रशासन को सहयोग करने की अपील भी की गई।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री अथवा सेवन से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल उत्पाद विभाग को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।












