जिला प्रशासन एवं टाटा स्टील फाउंडेशन के बीच ‘एजुकेशन सिग्नेचर प्रोग्राम’ को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर

SHARE:

जमशेदपुर  : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन एवं टाटा स्टील फाउंडेशन (TSF) के बीच सोमवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए, जिसका उद्देश्य जिले के मुसाबनी, डुमरिया और गुरबांदा प्रखंडों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना है।



यह एमओयू उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। जिला प्रशासन की ओर से जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री आशीष पांडेय तथा टीएसएफ की ओर से दिव्यहस रे ने दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर किए।



इस समझौते के तहत ‘एजुकेशन सिग्नेचर प्रोग्राम’ को लागू कर शून्य ड्रॉपआउट, शैक्षणिक उपलब्धियों में वृद्धि, तथा सशक्त विद्यालय प्रबंधन समितियों (SMCs) के गठन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कार्यक्रम अगले तीन वर्षों में पूरी तरह लागू होगा और यह 31 मार्च 2028 तक प्रभावी रहेगा।



इस साझेदारी के माध्यम से 37 पंचायतों, 224 गांवों, 295 स्कूलों, और 268 आंगनबाड़ी केन्द्रों को कार्यक्रम के अंतर्गत लाकर समतामूलक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाएगी।



उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने इस अवसर पर कहा गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा तक सभी बच्चों की पहुँच सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। यह साझेदारी बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक ठोस कदम है। टीएसएफ के प्रतिनिधि दिव्यहस रे ने कहा कि संस्था अपने अनुभव और संसाधनों के माध्यम से स्कूलों की शैक्षणिक क्षमताओं को सुदृढ़ बनाने के लिए कटिबद्ध है।

Leave a Comment

और पढ़ें