डुमरिया को मिली 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की सौगात, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने किया उद्घाटन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Potka :डुमरिया प्रखंड के भालुकपातड़ा मौजा में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का मंगलवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने उद्घाटन किया। लंबे समय से अस्पताल की सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे डुमरिया क्षेत्र के लोगों के लिए इसे बड़ी स्वास्थ्य सौगात के रूप में देखा जा रहा है।

उद्घाटन समारोह में पोटका विधायक संजीव सरदार, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व विधायक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप बालमुचू समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

आजादी के बाद पहली बार डुमरिया को मिला अपना अस्पताल : संजीव सरदार

समारोह को संबोधित करते हुए पोटका विधायक संजीव सरदार ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार डुमरिया को 30 बेड का अपना अस्पताल मिला है। उन्होंने कहा कि झारखंड अलग राज्य बनने के 26 वर्ष बाद डुमरिया में इतनी बड़ी स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हुई है।

उन्होंने कहा कि इससे पहले क्षेत्र के लोगों को पुराने भवन में ही स्वास्थ्य सेवाओं पर निर्भर रहना पड़ता था। अस्पताल की मांग क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही थी और अब इसका पूरा होना डुमरिया के लोगों के लिए खुशी का क्षण है।

संजीव सरदार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार गरीब और जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से अस्पताल में आवश्यक मैनपावर और चिकित्सा उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी रखी।

विधायक ने बताया कि डुमरिया में अस्पताल के बाद अब पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य भवनों के निर्माण की दिशा में भी काम किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को उनके घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

स्वास्थ्य क्षेत्र में और सौगात मिलने का दावा

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने आने वाले दिनों में राज्य को रिम्स-2 की सौगात मिलने की बात कही।

उन्होंने पोटका विधायक संजीव सरदार की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे क्षेत्र की जनता के लिए लगातार सक्रिय रहते हैं। मंत्री ने कहा कि पोटका विधानसभा क्षेत्र को स्वास्थ्य के क्षेत्र में आने वाले समय में और भी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

30 बेड के साथ कई जांच सुविधाएं उपलब्ध

नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 30 बेड के अलावा विभिन्न प्रकार की रक्त जांच, गैर-संचारी रोग (NCD) से संबंधित सेवाएं और किशोर स्वास्थ्य परामर्श केंद्र की सुविधा उपलब्ध होगी। अस्पताल को 24 घंटे संचालित करने की व्यवस्था की गई है।

ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के माध्यम से टीबी, मलेरिया, पीलिया (जॉन्डिस) समेत अन्य आवश्यक जांच की सुविधा भी ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जाएगी। इससे डुमरिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार एवं जांच की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

अस्पताल परिसर में किया पौधारोपण

उद्घाटन के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, विधायक संजीव सरदार समेत अन्य अतिथियों एवं अधिकारियों ने अस्पताल परिसर में पौधारोपण किया। अतिथियों ने स्वास्थ्य के साथ पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को भी स्वस्थ समाज के लिए आवश्यक बताया।

कार्यक्रम में घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व विधायक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप बालमुचू, जिला सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, डुमरिया सीओ पवन कुमार, बीडीओ निलेश कुमार मुर्मू, झामुमो जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन, मिर्जा सोरेन, भगत बासके समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें