होमगार्ड जवान से कथित मारपीट की संघ ने की निंदा, निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारी पर कार्रवाई की मांग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : गृह रक्षा वाहिनी लोक सेवक संघ ने अंगो थाना परिसर में होमगार्ड जवान मनोज कुमार के साथ कथित मारपीट की घटना की कड़ी निंदा की है। संघ ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

संघ के प्रदेश प्रवक्ता कमल कुमार शर्मा ने आरोप लगाया कि थाना परिसर में वाहन खड़ा करने को लेकर होमगार्ड जवान मनोज कुमार और सिविल ड्रेस में मौजूद थाना प्रभारी जानू कुमार के बीच कहासुनी हुई। संघ का आरोप है कि मनोज कुमार द्वारा अपना परिचय देने के बावजूद थाना प्रभारी ने कथित तौर पर उन्हें रस्सी से बांधकर मारपीट की।

संघ ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि किसी वर्दीधारी होमगार्ड जवान के साथ इस प्रकार का व्यवहार उचित नहीं है। संगठन का कहना है कि ऐसी घटनाओं से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठते हैं और आम लोगों के बीच पुलिस की छवि भी प्रभावित होती है।

गृह रक्षा वाहिनी लोक सेवक संघ ने मुख्यमंत्री एवं होमगार्ड के डीजी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

संघ ने कहा कि मामले के सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए और जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें