हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में सड़क पर उतरे पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur: करणी सेना के सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष हिमांशु सिंह की हत्या के विरोध में एनडीए द्वारा शुक्रवार को आहूत बंद के दौरान पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता दुलाल भुईयां अपने समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर उतरे। उन्होंने भुईयांडीह स्थित अपने आवासीय कार्यालय से मार्च की शुरुआत करते हुए मानगो बस स्टैंड, भुईयांडीह और आसपास के क्षेत्रों में बंद को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया।

दुलाल भुईयां के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की प्रमुख सड़कों पर मार्च करते हुए राज्य सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों से बंद का समर्थन करने की अपील की। कई स्थानों पर प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बंद को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती की गई थी और पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की नजर बनी रही।

मौके पर दुलाल भुईयां ने कहा कि हिमांशु सिंह की हत्या केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का गंभीर उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो चुका है, जिसके कारण हत्या, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है और आम जनता असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है।

उन्होंने कहा कि एनडीए का बंद जनता की आवाज है और इसका उद्देश्य प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है। उन्होंने हिमांशु सिंह हत्याकांड के सभी आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी तथा मामले की स्पीडी ट्रायल के माध्यम से शीघ्र सुनवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

बंद कार्यक्रम में मन्नू मंडल, चमन तिवारी, कुंज बिभार, विशाल नायक भुईयां, अभिजीत भुईयां, धीरेन्द्र सिंह, सुबोल प्रमाणिक, अशोक कुमार, संजय कुमार, बादल भुईयां, सदानंद टोप्पो, कैलाश अग्रवाल, जोलेश भुईयां, राजन भुईयां, धर्मेंद्र पांडेय, लक्खी भुईयां, मथुरा भुईयां सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय समर्थक मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.