Jamshedpur:इनर व्हील क्लब ऑफ़ जमशेदपुर ईस्ट, डिस्ट्रिक्ट 325 की पहल पर टिनप्लेट इंटर महिला विद्यालय में शुक्रवार को घरेलू हिंसा के विरुद्ध एक व्यापक कानूनी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता अधिवक्ता सतीश बरनवाल ने उपस्थित महिलाओं और छात्राओं को घरेलू हिंसा अधिनियम के प्रावधानों, महिलाओं के अधिकारों तथा उपलब्ध कानूनी सहायता के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
अधिवक्ता बरनवाल ने महिलाओं को बताया कि घरेलू हिंसा की किसी भी स्थिति में चुप रहना समाधान नहीं है, बल्कि कानून की सहायता लेना और उचित मंच पर अपनी आवाज़ उठाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को भी जागरूक रहते हुए ऐसे मामलों में तुरंत सहायता लेने की सलाह दी।
इस अवसर पर महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश व्यापक स्तर पर पहुँचाने हेतु विद्यालय परिसर से एक जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें छात्राएँ और क्लब सदस्य उत्साहपूर्वक शामिल हुईं।
कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष डॉ. मीना मुखर्जी, संचिता डे और मधुमिता रॉय की सक्रिय उपस्थिति ने इस अभियान को और मजबूती दी। उन्होंने सामूहिक प्रयासों के माध्यम से घरेलू हिंसा की रोकथाम और कानूनी जागरूकता बढ़ाने के महत्व पर प्रकाश डाला।
विद्यालय की प्राचार्या कामिनी गुप्ता ने स्वागत भाषण देकर कार्यक्रम की शुरुआत की, जबकि झुमा चक्रबर्ती ने अंत में सभी का आभार व्यक्त किया।
यह कार्यक्रम समाज में महिला सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिसने छात्राओं और महिलाओं के बीच जागरूकता की नई रोशनी जगाई है।









