‘युवा’ की पहल: किशोरियों को दी गई डिजिटल लिटरेसी और साइबर सुरक्षा की जानकारी

SHARE:

Jamshedpur:सामाजिक संस्था यूथ यूनिटी फॉर वोलंटरी एक्शन (युवा) और जी एफ एफ के सहयोग से प्रिवेंटिंग एंड रेस्पॉन्डिंग टू चाइल्ड मैरिज एंड अर्ली यूनियन प्रोजेक्ट के तहत शुक्रवार को सुंदरनगर स्थित महिला कल्याण समिति में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में पोटका प्रखंड के विभिन्न गांवों की किशोरियों को डिजिटल लिटरेसी और साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

कार्यक्रम में रिसोर्स पर्सन विकास श्रीवास्तव ने किशोरियों को डिजिटल दुनिया के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मोबाइल फोन, इंटरनेट और वेबसाइट के काम करने की प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया तथा इंटरनेट के इतिहास और इसके विकास से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी प्रकाश डाला।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जागरूक किया गया।

किशोरियों को बताया गया कि इंटरनेट का उपयोग करते समय OTP, पासवर्ड और निजी जानकारी को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है, ताकि वे साइबर अपराध से बच सकें।

कार्यशाला के अंत में एक प्रश्नोत्तरी (क्विज) का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से दिनभर दी गई जानकारी का परीक्षण भी किया गया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक इसमें भाग लिया और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े सवालों के जवाब दिए।

प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर चाँदमनी सवैयाँ ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की किशोरियों को डिजिटल

तकनीक के प्रति जागरूक और सक्षम बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे सुरक्षित तरीके से इंटरनेट और डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर सकें।

कार्यशाला को सफल बनाने में अवंती सरदार, रीला सरदार और किरण सरदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment