Jamshedpur : जन शिकायत निवारण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं, सुझाव एवं मांगें सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर उपस्थित हुए।
नागरिकों द्वारा बिजली बिल माफी, बकाया वेतन भुगतान, भूमि विवाद, स्थानांतरण, आधार कैम्प की मांग, प्रवेश मार्ग पर अतिक्रमण के विरुद्ध शिकायत, म्यूटेशन, विद्यालय में नामांकन, सड़क दुर्घटना सहायता, दुकान तोड़ने की शिकायत, दिव्यांगजनों को दुकान आवंटन, स्कूल फीस माफी, मोबाइल टॉवर, चापानल की मांग समेत अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे रखे गए। वहीं टाटा विस्थापित 18 मौजा के रैयतों के प्रतिनिधिमंडल ने भी उपायुक्त से मुलाकात कर अपनी मांगों से अवगत कराया।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सभी आवेदकों की बात गंभीरता से सुनते हुए प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को अग्रसारित किया तथा प्रत्येक आवेदन पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश दिया। इस दौरान कई मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान भी किया गया।
उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायत निवारण दिवस में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय समीक्षा बैठकों में जन शिकायतों की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि आम जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।









