टाटानगर से जयपुर तक सीधी रेल सेवा की मांग तेज, विधायक पूर्णिमा साहू ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

SHARE:

Jamshedpur:जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर टाटानगर रेलवे स्टेशन से जयपुर तक सीधी रेल सेवा प्रारंभ करने की मांग की है। उन्होंने इसे जनभावनाओं से जुड़ा मुद्दा बताते हुए जनहित में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।
अपने पत्र में विधायक ने उल्लेख किया कि जमशेदपुर एक प्रमुख औद्योगिक नगरी है, जहां राजस्थान मूल के परिवारों और व्यापारियों की बड़ी संख्या निवास करती है। इस मांग के समर्थन में ‘मारवाड़ी सम्मेलन’ साकची शाखा, जमशेदपुर का पत्र भी संलग्न किया गया है, जिसमें जयपुर के लिए सीधी रेल सेवा नहीं होने से यात्रियों को होने वाली कठिनाइयों का जिक्र किया गया है।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक जुड़ाव का हवाला

विधायक पूर्णिमा साहू ने अपने पत्र में राजस्थान के प्रमुख धार्मिक स्थलों का उल्लेख करते हुए कहा कि खाटू श्याम मंदिर जमशेदपुर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसके अलावा सालासर बालाजी मंदिर, अजमेर शरीफ दरगाह, जयपुर, जोधपुर और झुंझुनूं जैसे शहरों के लिए भी वर्षभर यात्राएं होती रहती हैं। सीधी रेल सेवा नहीं होने से श्रद्धालुओं को दिल्ली या अन्य स्टेशनों पर ट्रेन बदलनी पड़ती है।
शिक्षा के लिए कोटा की निर्भरता

उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में कोटा का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि कोटा देश का प्रमुख एजुकेशन हब है, जहां जमशेदपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से हजारों छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जाते हैं। वर्तमान रेल व्यवस्था उनकी आवश्यकताओं को पूरी तरह पूरा नहीं कर पा रही है।
विधायक ने पत्र में यह भी रेखांकित किया कि सीधी ट्रेन नहीं होने के कारण यात्रियों, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और विद्यार्थियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है।

अंत में उन्होंने रेल मंत्री से क्षेत्र की बड़ी आबादी की सुविधा और जनहित को ध्यान में रखते हुए टाटानगर से जयपुर तक सीधी रेल सेवा शुरू करने के प्रस्ताव पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र निर्णय लेने का अनुरोध किया है।

Leave a Comment