शिवनारायणपुर जंगल में मिट्टी में दफन मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

SHARE:

Adityapur : आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवनारायणपुर के जंगल में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे मिट्टी में दफन एक शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मामला उस समय सामने आया जब स्थानीय लोगों ने जंगल में मिट्टी से बाहर निकले पैरों को देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना आदित्यपुर थाना को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की। शव के पास से जला हुआ आधार कार्ड और एक बैंक पासबुक बरामद हुई है, जिससे पुलिस को पहचान और मामले के खुलासे में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। वहीं, तालाब की ओर जाने वाले रास्ते पर खून के धब्बे भी पाए गए हैं, जो इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर मिट्टी में दफनाया गया है।

आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने शव को बाहर निकालने के लिए मजिस्ट्रेट की उपस्थिति की मांग की है। उन्होंने बताया कि मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में ही शव को मिट्टी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा, ताकि साक्ष्य सुरक्षित रखे जा सकें।

पुलिस ने आसपास के इलाकों में पूछताछ शुरू कर दी है और लापता लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने कहा, “हम मामले की गहन जांच कर रहे हैं। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला जाएगा। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।”

Leave a Comment