जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनी जनता की समस्याएं, दिव्यांग ममता कुमारी को तत्काल मिला ई-ट्राई साइकिल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम उपायुक्त राजीव रंजन ने गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को उचित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

जन शिकायत निवारण दिवस में अवैध मिनी बस संचालन, रोजगार उपलब्ध कराने, बीपीएल कोटा के तहत निजी विद्यालयों में नामांकन, बिल्डर के खिलाफ शिकायत, केसीसी ऋण, जमीन कब्जा मुक्त कराने, मंईयां सम्मान योजना, आवास योजना, जाति प्रमाण पत्र, छात्रवृत्ति, स्कूल फीस माफी, सड़क निर्माण में बाधा, मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना, फ्लैट और दुकान पर अवैध कब्जा, राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन समेत विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा आवेदकों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और जन शिकायत निवारण दिवस का उद्देश्य लोगों को संवेदनशील एवं प्रभावी प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराना है।

इस दौरान कदमा के शास्त्रीनगर निवासी दिव्यांग ममता कुमारी ने उपायुक्त से ई-ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उपायुक्त के निर्देश पर तत्काल आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें ई-ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई। ई-ट्राई साइकिल मिलने के बाद ममता कुमारी एवं उनके परिजनों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

जन शिकायत निवारण दिवस के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा लोगों की समस्याओं के समाधान की दिशा में त्वरित पहल को लेकर आमजनों में सकारात्मक संदेश गया है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.