जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों को प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लागू करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त ने राज्य प्रायोजित एवं केंद्र प्रायोजित योजनाओं, डीएमएफटी, वित्त आयोग और सीएसआर के तहत संचालित विकास योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विभागों के बीच संवाद की कमी या समन्वय के अभाव में किसी भी योजना की प्रगति बाधित नहीं होनी चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि कई योजनाओं में एक से अधिक विभागों की भूमिका होती है, इसलिए सभी विभाग नियमित रूप से सूचनाओं का आदान-प्रदान करें और लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें। विशेष रूप से आधारभूत संरचना निर्माण, भूमि हस्तांतरण, विद्युत संयोजन, लाभुक सत्यापन और भुगतान प्रक्रियाओं में समन्वय पर जोर दिया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, अधूरे स्वास्थ्य केंद्रों को जल्द पूरा करने का निर्देश
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण, विद्युत संयोजन, रैम्प निर्माण और अन्य नागरिक सुविधाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया। सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया कि स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बनाए गए भवनों की उपयोगिता तथा अब तक अनुपयोगी भवनों की सूची कारण सहित सात दिनों के भीतर उपलब्ध कराएं।
चाकुलिया प्रखंड के केरूकोचा ढेगाम तथा बहरागोड़ा प्रखंड के बारागड़िया में वर्ष 2021-22 से निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्रों को शीघ्र पूरा करने के लिए यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया गया।
हर गुरुवार पंचायतों में निरीक्षण करेंगे वरीय अधिकारी
उपायुक्त ने सभी प्रखंडों के वरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रत्येक गुरुवार को क्षेत्र भ्रमण कर पंचायतों में सरकारी संस्थानों का निरीक्षण करें और उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
छात्रवृत्ति, हॉस्टल संचालन और शिक्षा से जुड़े मुद्दों की समीक्षा
बैठक में कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अत्यंत पिछड़े वर्ग के लाभुकों को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना का लाभ दिलाने के लिए सभी प्रखंडों से सूची भेजने का निर्देश दिया गया।
ई-कल्याण पोर्टल पर प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए सभी शैक्षणिक संस्थानों का सत्यापन करने के लिए बीडीओ और शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया। इसके अलावा जीरो या कम ऑक्यूपेंसी वाले छात्रावासों की समीक्षा करते हुए लखाईडीह छात्रावास को जल्द शुरू करने का निर्देश दिया गया।
बिष्टूपुर हाईस्कूल में तोड़फोड़ मामले पर नाराजगी
जमशेदपुर हाईस्कूल बिष्टूपुर में असामाजिक तत्वों द्वारा की गई तोड़फोड़ की घटना पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई और पुलिस को दोषियों पर ठोस कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
गर्मी में पेयजल संकट से निपटने के निर्देश
आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा प्रखंड प्रशासन को खराब पड़े चापाकलों और जलमीनारों की सूची तैयार कर उनकी मरम्मत कर जल्द जलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
दो अधिकारियों को मिला प्रशस्ति पत्र
नागरिकों की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता दिखाने के लिए पोटका की अंचल अधिकारी निकिता बाला और मुसाबनी के अंचल अधिकारी पवन कुमार को उपायुक्त द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, वन प्रमंडल पदाधिकारी शब्बा आलम, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्णव मिश्रा सहित स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, पुलिस, आपूर्ति, नगर निकाय और तकनीकी विभागों के अधिकारी, सभी बीडीओ और सीओ उपस्थित थे।









