विद्यालयों के निरीक्षण पर उपायुक्त का फोकस – ICT, लाइब्रेरी और करियर गाइडेंस पर विशेष बल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

सरायकेला। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने बुधवार को सरायकेला स्थित कुंवर विजय प्रताप गर्ल्स उच्च विद्यालय एवं नृपराज प्लस टू उच्च विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों एवं संसाधनों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने दोनों विद्यालयों में संचालित आईसीटी लैब, साइंस लैब, स्मार्ट क्लासरूम और पुस्तकालय का विस्तारपूर्वक अवलोकन किया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विभिन्न कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी विषयगत समझ और शैक्षणिक आवश्यकताओं को परखा। विशेष रूप से गणित, विज्ञान और मानविकी विषयों पर चर्चा करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को कठिन विषयों को सरलता से समझने की उपयोगी अध्ययन रणनीतियाँ बताईं। साथ ही, विषयों की व्यावहारिक उपयोगिता एवं उससे जुड़ी करियर संभावनाओं पर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया।

कुंवर विजय प्रताप गर्ल्स उच्च विद्यालय में ICT लैब का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने वहां कार्यरत शिक्षक से कंप्यूटर शिक्षा के पाठ्यक्रम की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि बालिकाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कंप्यूटर शिक्षा सुनिश्चित की जाए।

पुस्तकालय निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विभिन्न विषयों की उत्कृष्ट एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों की सूची तैयार कर पुस्तकालय को और अधिक समृद्ध किया जाए।

जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा ने जानकारी दी कि विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं को सीबीएसई पैटर्न पर आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग और विद्यालयों में समृद्ध शैक्षणिक कार्यशैली विकसित करने के निर्देश दिए।

अंत में, उपायुक्त ने छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल और विविधतापूर्ण शैक्षणिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं तथा उन्हें उत्साहपूर्वक अध्ययन कर जीवन में उच्च मुकाम हासिल करने हेतु प्रेरित किया।

इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं प्रभारी प्रधानाचार्य, सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें