दलमा अभयारण्य क्षेत्र में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अतिक्रमण कर बनाए गए झोपड़ी घरों पर चला बुलडोजर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत दलमा वन्यजीव अभयारण्य में वन विभाग ने गुरुवार को अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। यह अभियान दलमा पश्चिमी वन क्षेत्र पदाधिकारी दिनेश चन्द्रा के नेतृत्व में चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान कांदरबेड़ा स्थित होटल मां तारिणी के पीछे वन भूमि पर बने झोपड़ीनुमा घरों को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया। वन विभाग की टीम ने स्थानीय निवासी सोमनाथ हेंब्रम द्वारा वन भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया। करीब एक घंटे तक चले अभियान में चांडिल अंचलाधिकारी प्रदीप कुमार महतो दंडाधिकारी के रूप में मौजूद रहे।

कार्रवाई के दौरान स्थानीय मुखिया विदु मुर्मू ने अधिकारियों से आग्रह किया कि वन भूमि पर बने शौचालय को न तोड़ा जाए, ताकि ग्रामीण इसका उपयोग कर सकें। जनहित को देखते हुए वन विभाग ने मुखिया के अनुरोध को स्वीकार किया और शौचालय को सार्वजनिक उपयोग हेतु संरक्षित रखने का निर्णय लिया।

वन क्षेत्र पदाधिकारी दिनेश चन्द्रा ने बताया कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बिलकुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग लगातार निगरानी कर रहा है ताकि दलमा अभयारण्य क्षेत्र की सीमा में अवैध कब्जे को पूरी तरह समाप्त किया जा सके और प्राकृतिक आवास की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें