भीषण गर्मी में ट्रैफिक पुलिस के लिए राहत बने डालसा पीएलवी, ठंडा जल और ओआरएस का किया वितरण

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की टीम राहत बनकर सामने आई। गुरुवार को डालसा के पीएलवी (पारा लीगल वॉलेंटियर्स) ने न्याय रथ के माध्यम से शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर तैनात ट्रैफिक पुलिस जवानों के बीच ठंडा जल एवं ओआरएस घोल के पैकेट वितरित किए।

यह पहल जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जमशेदपुर द्वारा चलाए जा रहे 90 दिवसीय सघन जागरूकता अभियान के तहत की गई। अभियान के दौरान केवल कानूनी जागरूकता ही नहीं, बल्कि मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय भी दिया जा रहा है।

डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी के निर्देश पर पीएलवी टीम ने साकची शीतला मंदिर, आमबगान, साकची गोलचक्कर, साकची थाना, बिष्टुपुर और सोनारी समेत कई क्षेत्रों में ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को गर्मी से राहत पहुंचाने का कार्य किया।

इस सेवा कार्य में पीएलवी नागेंद्र कुमार, दिलीप जायसवाल, संजय तिवारी, मनोज महतो एवं बालेश्वर दास सक्रिय रूप से शामिल रहे। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि तेज धूप और बढ़ते तापमान के बीच यह सहायता काफी राहत देने वाली है।

इसके साथ ही डालसा टीम ने आम लोगों को विभिन्न कानूनी अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति भी जागरूक किया। जागरूकता अभियान के दौरान नागरिकों को मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, सीनियर सिटीजन एक्ट, पोक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा, दुर्घटना क्लेम, आपदा राहत और नशा उन्मूलन जैसे विषयों की जानकारी दी गई।

पीएलवी टीम ने लोगों से किसी भी कानूनी सहायता या समस्या के समाधान के लिए डालसा कार्यालय से संपर्क करने की अपील भी की।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.