Jamshedpur:श्री श्री दक्षिणेश्वरी मां काली मंदिर, ईस्ट प्लांट बस्ती, बर्मामाइंस का द्वितीय स्थापना दिवस शनिवार को पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर से दोमुहानी तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने गाजे-बाजे के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा क्षेत्र “जय मां काली” के जयघोष से गूंज उठा।
कलश यात्रा ईस्ट प्लांट बस्ती से प्रारंभ होकर साकची होते हुए दोमुहानी पहुंची, जहां विधिवत कलशों में जल भरने के बाद यात्रा पुनः मंदिर परिसर लौटी और वहीं संपन्न हुई। इसके पश्चात मां काली का महास्नान कराया गया तथा पूरोहित सुमन भट्टाचार्य द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई।
पूजा के उपरांत मंदिर कमिटी की ओर से महाप्रसाद (भंडारा) का आयोजन किया गया, जो देर शाम तक चला। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने मां काली का प्रसाद ग्रहण किया और मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
1936 से चली आ रही है मां काली की पूजा परंपरा
मौके पर मंदिर के संस्थापक अध्यक्ष गलविंदर सिंह संधू ग्वाले ने बताया कि श्री श्री दक्षिणेश्वरी मां काली मंदिर का यह द्वितीय स्थापना वर्ष है। 17 जनवरी 2024 को मंदिर की स्थापना के साथ ही मां काली की प्राण-प्रतिष्ठा की गई थी। उन्होंने कहा कि वर्ष 1936 में उनके पूर्वजों द्वारा मां काली की पूजा की शुरुआत की गई थी, जिसे आज सभी के सहयोग और मां की कृपा से भव्य मंदिर के रूप में साकार किया गया है। मंदिर में प्रत्येक माह अमावस्या के दिन विधि-विधान से पूजा एवं भोग प्रसाद का वितरण नियमित रूप से किया जाता है।
कई गणमान्य लोगों ने लगाई मां के दरबार में हाजिरी
महाप्रसाद कार्यक्रम में समाजसेवी शिव शंकर सिंह, बर्मामाइंस थाना प्रभारी प्रदीप कुमार यादव, वरिष्ठ पत्रकार संजय मिश्रा, जमशेदपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजीव भारद्वाज सहित कई गणमान्य लोगों ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई और प्रसाद ग्रहण किया।
इस आयोजन को सफल बनाने में उमा शंकर बेरा, सुजीत कुमार राउत, अरुण प्रसाद, हरिश्चंद्र प्रसाद, दुर्गानंद दुबे, संतोष सिंह, रंजीत कुमार राउत, अजीत कुमार राउत, राजीव कुमार झा, राहुल, अविनाश सिंह एवं अभिजित राउत की भूमिका सराहनीय रही।









