सारंडा के घोर नक्सल प्रभावित तोयबो गांव में सीआरपीएफ का सिविक एक्शन प्रोग्राम, ग्रामीणों में दिखा उत्साह

SHARE:

Chaibasa : सारंडा वन क्षेत्र के घोर नक्सल प्रभावित तोयबो गांव में 26वीं बटालियन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की ओर से सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कमांडेंट राजीव रंजन के दिशा-निर्देश पर ए/26 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा संचालित किया गया, जिसका नेतृत्व कंपनी कमांडर निरीक्षक/जीडी अमरेश सिंह ने किया।

कार्यक्रम के दौरान गांव के जरूरतमंद ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों को दैनिक जीवन, शिक्षा, कृषि और खेलकूद से जुड़ी आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया गया। बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्कूल बैग, कॉपी, ज्योमेट्री बॉक्स, पेंसिल, रबर और ब्लू बॉल पेन दिए गए।

ठंड और अंधेरे से राहत के लिए ग्रामीणों को कंबल, सोलर लालटेन और छाता प्रदान किया गया। घरेलू जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पतीला (डेगचा) वितरित किया गया, जबकि कृषि को बढ़ावा देने के लिए मक्का, करेला, उड़द, हरी सेम और टमाटर के बीज दिए गए। इसके अलावा गांव के युवाओं में खेल भावना विकसित करने के उद्देश्य से फुटबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल नेट, वॉलीबॉल नेट, क्रिकेट बैट और क्रिकेट बॉल का भी वितरण किया गया।

इस अवसर पर निरीक्षक अमरेश सिंह के साथ उप निरीक्षक/जीडी सुरेंद्र कुमार काची, तोयबो गांव के मुंडा बाली सकडी बोदरा तथा राज्य पुलिस के सहायक उप निरीक्षक जूलियस इक्का भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सीआरपीएफ के इस प्रयास की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे सिविक एक्शन प्रोग्राम न केवल उनकी बुनियादी जरूरतों को पूरा करते हैं, बल्कि सुरक्षा बलों और स्थानीय समुदाय के बीच विश्वास और सहयोग को भी मजबूत करते हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें