जमशेदपुर, 14 सितम्बर 2025: सी पी समिति मध्य विद्यालय, केबुल बस्ती में आज हिंदी दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय समिति के अध्यक्ष दिनेश कुमार और प्रभारी प्रधानाध्यापक अमित कुमार सिंह ने माता सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित और पुष्प अर्पित कर किया।
इस अवसर पर बच्चों ने हिंदी साहित्य के महान कवियों और लेखकों जैसे हरिवंश राय बच्चन, मुंशी प्रेमचंद, महादेवी वर्मा, रामधारी सिंह दिनकर, जगदीश व्योम, मैथिली शरण गुप्त और व्योहार राजेंद्र सिन्हा के जीवन और योगदान पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही बच्चों ने हिंदी भाषा के महत्व और इसके सांस्कृतिक एवं सामाजिक मूल्य के बारे में जानकारी साझा की।विद्यालय की शिक्षिका सीमा ने बच्चों को बताया कि हिंदी दिवस क्यों मनाया जाता है और यह हमारी राजभाषा, मातृभाषा और संस्कृति की पहचान है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के अध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा, “भारत विविधताओं से भरा देश है, जिसमें अलग-अलग धर्म, संस्कृति और भाषाएं एक साथ मिलकर एकता का प्रतीक बनती हैं। हिंदी वह भाषा है जो पूरे देश को जोड़ने का काम करती है। यह हमारी मातृभाषा ही नहीं बल्कि हमारी सभ्यता, संस्कृति और परंपरा की आत्मा भी है।”
बच्चों ने नृत्य और नाट्य मंचन के माध्यम से हिंदी की विशेषताओं को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक अमित कुमार सिंह ने किया और बच्चों के लिए प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शिक्षकों अमित कुमार सिंह, त्रिलोचन कौर, सीमा, अर्चना सिंह, कौशिक दत्ता, हीरादास मानिकपुरी, अनुसुइया कुमारी, रेखा कुमारी, तारकेश्वरी देवी, ऋचा मिश्रा, रीता शर्मा, अन्नपूर्णा प्रदान, अनुष्का सिंह के साथ कई अभिभावक और बच्चे उपस्थित थे।