मेघाहातुबुरु में ठेका मजदूर ने की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Guwa : मेघाहातुबुरु निवासी ठेका मजदूर बालाजी शर्मा उर्फ बाला (करीब 38 वर्ष) ने शुक्रवार रात कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बाला मेघाहातुबुरु स्थित सेल आवास संख्या 12/5 ए टाइप में रहता था। शुक्रवार रात करीब 9 बजे उसने अपने कमरे के अंदर पंखे से बेडशीट के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतारकर तत्काल किरीबुरू अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक बाला पिछले दो दिनों से मानसिक तनाव में था। बताया जा रहा है कि वह घर से बाहर नहीं निकल रहा था और ठीक से भोजन भी नहीं कर रहा था। घटना के समय घर में उसकी मां और बहन मौजूद थीं। इसी दौरान उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और आत्मघाती कदम उठा लिया।

कुछ देर बाद उसकी मां की नजर खिड़की से कमरे के अंदर गई तो बेटे को फंदे से झूलता देख वह चीख पड़ी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा। हालांकि अस्पताल पहुंचने तक काफी देर हो चुकी थी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बाला मिलनसार और सामाजिक स्वभाव का व्यक्ति था। वह हर सुख-दुख में लोगों के साथ खड़ा रहता था और इलाके में काफी लोकप्रिय था। उसकी अचानक मौत से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है।

बताया जा रहा है कि बाला अपने परिवार का इकलौता भाई था और उसकी तीन बहनें हैं। पिता का पहले ही निधन हो चुका है। बेटे की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद किरीबुरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.