ड्यूटी पर लौट रहे आरक्षी की दर्दनाक मौत, हंसाउड़ी पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

दस दिन पहले ही हुआ था दूसरे पुत्र का जन्म, पिता से मिलने के बाद लौट रहे थे ड्यूटी पर

सरायकेला।
सरायकेला थाना क्षेत्र के हंसाउड़ी पेट्रोल पंप के पास रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में पुलिस विभाग के एक जांबाज आरक्षी की जान चली गई। हादसा करीब रात 11 बजे हुआ जब बाइक सवार आरक्षी कमल किशोर बोंगबोंगा (36) को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आरक्षी मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने उन्हें तत्काल सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक आरक्षी पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के मालूका गांव के रहने वाले थे। वे वर्तमान में सरायकेला जिला अंतर्गत दुगनी पुलिस केंद्र में पदस्थापित थे। दुखद पहलू यह है कि महज दस दिन पहले, 4 जून को उनके घर एक पुत्र का जन्म हुआ था। इसी खुशी में वे 14 जून को छुट्टी लेकर अपने गांव गए थे ताकि नवजात बेटे को देख सकें और परिवार के साथ कुछ समय बिता सकें।

जानकारी के अनुसार, कमल किशोर 15 जून की रात को ही अपनी बाइक (नंबर JH06J 7360) से ड्यूटी पर लौट रहे थे। सरायकेला पहुंचने से पहले हंसाउड़ी पेट्रोल पंप के पास चाईबासा की दिशा से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

कमल किशोर बोंगबोंगा अपने पीछे पत्नी, एक छह वर्षीय पुत्र और दस दिन के नवजात शिशु को छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। खासकर नवजात शिशु के जन्म के महज दस दिन बाद पिता की मौत ने पूरे गांव और विभाग में शोक की लहर दौड़ा दी है।

पुलिस कर रही मामले की जांच
हादसे के बाद सरायकेला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पेट्रोल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

शोक की लहर
कमल किशोर की मौत की खबर जैसे ही उनके सहकर्मियों और विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची, पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। उनके सहयोगियों ने उन्हें एक ईमानदार, कर्मठ और मृदुभाषी अधिकारी बताया, जो हमेशा कर्तव्यनिष्ठा के लिए पहचाने जाते थे।

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें