Jamshedpur : सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी ने टाटा-गोड्डा एक्सप्रेस के सावन माह में प्रतिदिन संचालन और टाटानगर स्टेशन विस्तार परियोजना के तहत विस्थापित हो रहे परिवारों के पुनर्वास की मांग को लेकर टाटानगर स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने किया।
सावन में कांवरियों की सुविधा के लिए टाटा-गोड्डा एक्सप्रेस प्रतिदिन चलाने की मांग
कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने ज्ञापन में बताया कि सावन के पावन माह में टाटानगर से हजारों श्रद्धालु प्रतिदिन बाबा बैद्यनाथ धाम जलाभिषेक के लिए सुल्तानगंज जाते हैं। वर्तमान में टाटा-गोड्डा एक्सप्रेस केवल सप्ताह में एक दिन संचालित होती है, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। दुबे ने रेलवे से आग्रह किया कि 10 जुलाई से शुरू होने वाले सावन माह में यह ट्रेन प्रतिदिन चलाई जाए ताकि श्रद्धालुओं को सीधी यात्रा की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि इस पुनीत कार्य से लाखों श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी।

पुनर्वास की मांग: पहले बसाएं, फिर विकास हो
प्रतिनिधिमंडल ने टाटानगर स्टेशन विस्तार परियोजना के तहत प्रभावित हो रहे बस्तीवासियों के पुनर्वास का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने कहा कि कांग्रेस विकास के पक्ष में है, लेकिन बस्तियों में बसे गरीब परिवारों को बिना पुनर्वास किए उजाड़ा जाना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवार वर्षों से रेल भूमि पर रह रहे हैं। उनके पास वोटर कार्ड, आधार कार्ड, राशन कार्ड, बिजली कनेक्शन समेत सभी दस्तावेज हैं। बच्चों की पढ़ाई-लिखाई भी यहीं हो रही है। इस परिस्थिति में रेलवे प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पहले इन परिवारों का समुचित पुनर्वास करना चाहिए। साथ ही, मुआवजा भी दिया जाए।
रेलवे प्रशासन ने दिया आश्वासन
स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि दोनों मांगों को उच्च अधिकारियों तक भेजा जाएगा और समुचित कार्रवाई की जाएगी। मौके पर मुख्य रूप से आनंद बिहारी दुबे के अलावा ब्रजेन्द्र कुमार तिवारी, संजय सिंह आजाद, आशीष ठाकुर, राजेश कुमार, संजय कुमार, राजनारायण यादव, मुन्ना मिश्र, नारायण डे, नलिनी सिन्हा, सतीश कुमार, सुरज मुण्डा, चांद खान, समरेन्द्र नाथ तिवारी, शमशेर आलम, हरिहर प्रसाद, सन्नी सिंह, निखिल कुमार, एस पी सिंह, मिठू अग्रवाल, ओम प्रकाश, कमालुद्दीन, रवि करुवा, रामेश्वर सिंह समेत सैकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित थे।











