कोलकाता से रांची जा रही थी बस, चालक को झपकी आने से हादसे की आशंका, ग्रामीणों की मदद से यात्रियों को निकाला गया

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chandil : चौका थाना क्षेत्र के एनएच-33 स्थित झाबरी के समीप शनिवार तड़के करीब 4 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोलकाता से रांची जा रही शिवम यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में बस में सवार 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान चालक को झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गड्ढे में जाकर पलट गई। सुबह-सुबह हुए हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

घटना की जानकारी मिलने पर चौका थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत कर बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर किया गया है।

हादसे के कारण एनएच-33 पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सीधा करवाया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हुई।

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर चालक को झपकी आने की बात सामने आ रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें