Jamshedpur : सिखों के पांचवें गुरु, गुरु अर्जन देव जी के शहादत दिवस के अवसर पर चेसिस यार्ड, टेल्को स्थित टाटा कमिंस के सामने ड्राइवरों एवं ट्रांसपोर्टरों द्वारा सेवा भाव से चना और शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सैकड़ों लोगों के बीच मीठे पानी का शबील, चना एवं शरबत वितरित किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए राहगीरों, वाहन चालकों एवं स्थानीय लोगों ने इस सेवा का लाभ उठाया। कार्यक्रम का उद्देश्य गुरु अर्जन देव जी के बलिदान, मानव सेवा, त्याग और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था।
सेवा कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने गुरु साहिब के आदर्शों को स्मरण करते हुए मानवता की सेवा को सर्वोच्च धर्म बताया। आयोजकों ने कहा कि गुरु अर्जन देव जी का जीवन त्याग, सहनशीलता और मानव कल्याण की प्रेरणा देता है, जिसे समाज में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से अवतार सिंह, जसपाल सिंह, लखवीर सिंह, जसबीर सिंह, लाली पाजी सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी ने मिलकर सेवा कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराया और गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान सेवा, समर्पण और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला तथा लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।








