चंदना मुर्मू और सोमवारी सोरेन ने झोंकी पूरी ताकत, प्रचार चरम पर

SHARE:

Chakulia:झारखंड में 23 फरवरी को होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। अध्यक्ष पद अनुसूचित जनजाति महिला के लिए आरक्षित होने के कारण मुकाबला रोचक हो गया है। चार महिला प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें भाजपा समर्थित चंदना मुर्मू और झामुमो समर्थित सोमवारी सोरेन के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है।

भाजपा की ओर से चंदना मुर्मू के समर्थन में पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता दुलाल भुईयां ने डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने मतदाताओं से ‘एयर कंडीशनर’ चुनाव चिन्ह पर मतदान करने की अपील की। इस दौरान उम्मीदवार चंदना मुर्मू के साथ लखन मांडी, चंडीचरण साव, मनोज प्रताप सिंह, साधन मल्लिक, जगन्नाथ कालिंदी और मान सिंह टुडू समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा नेताओं का दावा है कि जनता का भारी समर्थन मिल रहा है और जीत सुनिश्चित है।

वहीं दूसरी ओर झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्रत्याशी सोमवारी सोरेन ‘बैटरी टॉर्च’ चुनाव चिन्ह के साथ चुनाव मैदान में हैं। उनके समर्थन में स्थानीय विधायक समीर कुमार मोहंती ने प्रचार अभियान की कमान संभाल रखी है। चाकुलिया डाक बंगला परिसर से निकली रैली मुख्य सड़क होते हुए बिरसा चौक पहुंची, जहां भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
रैली के बाद आयोजित जनसभा को विधायक समीर कुमार मोहंती और शंभू नाथ मल्लिक ने संबोधित किया। सभा में सैकड़ों की संख्या में समर्थक मौजूद रहे। वक्ताओं ने क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए मतदाताओं से समर्थन की अपील की।
पूर्वी सिंहभूम जिले में चाकुलिया के साथ-साथ मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद में भी चुनावी गतिविधियां तेज हैं। हालांकि चाकुलिया में सीधी राजनीतिक प्रतिष्ठा दांव पर लगी होने से यहां प्रचार अपने चरम पर पहुंच गया है। अब सबकी निगाहें 23 फरवरी के मतदान और उसके परिणाम पर टिकी हैं।

Leave a Comment