Adiryapur : चैती नवरात्र के पावन अवसर पर शुक्रवार को गम्हरिया प्रखंड के टेटोपोसी तथा राजनगर के खिरी गांव में मां बासंती की नवमी पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई। सुबह से ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
अनुष्ठान के दौरान पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। विशेष रूप से प्रस्तुत आरती नृत्य ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। मां बासंती के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा।
परंपरा के अनुसार मां के चरणों में बकरे की बलि भी अर्पित की गई। शाम के समय पूजा समिति की ओर से महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।
टेटोपोसी और खिरी के ग्रामीणों ने बताया कि यहां वर्षों से मां बासंती की पूजा की परंपरा चली आ रही है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों से पहुंचे भक्तों ने भी माता का आशीर्वाद लेकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। आयोजन ने एक बार फिर सामाजिक आस्था और पारंपरिक संस्कृति की मजबूत झलक प्रस्तुत की।









