चेन स्नैचिंग के बाद पुलिस पर फायरिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : टेल्को थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन छीनने की घटना के बाद पुलिस और अपराधियों के बीच हुए हाई-वोल्टेज घटनाक्रम का खुलासा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पियूष पांडेय ने बताया कि पुलिस की तत्परता और साहसिक कार्रवाई से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले का मुख्य आरोपी हरपाल सिंह उर्फ ‘डब्ल्यू’ गिरफ्तारी से पहले और बाद में दो बार पुलिस टीम पर फायरिंग कर चुका है।

एसएसपी ने बताया कि सोमवार शाम टेल्को थाना क्षेत्र में एक महिला से बाइक सवार दो अपराधियों द्वारा सोने की चेन छीनने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वायरलेस के माध्यम से जिले के सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट कर दिया गया और अपराधियों की तलाश शुरू की गई।

इसी दौरान सिदगोड़ा थाना की गश्ती टीम को संदिग्ध बाइक पर सवार दो युवक दिखाई दिए, जिनका हुलिया चेन स्नैचिंग की घटना में शामिल अपराधियों से मेल खा रहा था। पुलिस ने तत्काल उनका पीछा शुरू किया। पीछा करते हुए टीम सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर और जैप-6 परिसर के समीप पहुंची, जहां आरोपियों को रोकने का प्रयास किया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान मुख्य आरोपी हरपाल सिंह उर्फ ‘डब्ल्यू’ ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। हालांकि पुलिसकर्मियों ने संयम और बहादुरी का परिचय देते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी ने बताया कि देर रात पुलिस टीम आरोपियों को उनकी निशानदेही पर छीनी गई चेन और अन्य सामान की बरामदगी के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान हरपाल सिंह ने अचानक एक पुलिस अधिकारी को धक्का देकर उसकी सरकारी पिस्तौल छीन ली और पुलिस टीम पर दोबारा फायरिंग शुरू कर दी।

अचानक हुई इस घटना से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, लेकिन पुलिसकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर लिया और दोनों आरोपियों को सुरक्षित हिरासत में ले लिया।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी रखी जा रही है।

एसएसपी पियूष पांडेय ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास, पूर्व में दर्ज मामलों और अन्य आपराधिक गतिविधियों में उनकी संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ चेन स्नैचिंग, पुलिस पर हमला, अवैध हथियार के इस्तेमाल और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है तथा अपराधियों के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.