Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में एक युवक की सुनियोजित तरीके से हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान सुभाष बानरा (पिता: मुकुंद बानरा) के रूप में हुई है, जो हाउस मैटेरियल सप्लाई का काम करता था।
परिजनों के अनुसार, सुभाष बानरा को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर खुद को “आर्मी का आदमी” बताते हुए घर निर्माण का काम देने के बहाने साइट दिखाने के लिए बुलाया। भरोसे में लेकर उसे आचू इलाके में बुलाया गया, जहां पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसकी निर्मम हत्या कर दी।
घटना को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने शव को आचू पावर ग्रिड के पास सड़क किनारे फेंक दिया। सुबह राहगीरों की नजर शव पर पड़ते ही इलाके में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मुफ्फसिल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में कांड संख्या 52/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी बिनोद कुमार ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
मृतक के पिता मुकुंद बानरा ने इसे सोची-समझी साजिश बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है, वहीं गांव में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि सुभाष बानरा का संबंध भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू के परिवार से था, जिसके कारण मामला और भी चर्चा में आ गया है।









