Jamshedpur : पुलिस ने ओडिशा रोड स्थित नागा पुलिया के समीप छापामारी कर ब्राउन शुगर तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में हल्दीपोखर निवासी मोहसिन नदीम को 30 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद नशीले पदार्थ का कुल वजन 5.7 ग्राम है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत एक लाख रुपये बताई जा रही है।
गोपनीय सूचना पर कार्रवाई
दो पहर करीब 12 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक को ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की सूचना मिली। निर्देश मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक मुसाबनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसने नागा पुलिया के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे टीम ने दौड़ाकर पकड़ लिया।
ग्रामीण क्षेत्र में फैला रहा था नशे का जाल
गिरफ्तार आरोपी मोहसिन नदीम ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह जमशेदपुर से ब्राउन शुगर लाकर ग्रामीण क्षेत्रों में सप्लाई करता है और इसके जरिए मोटी रकम कमाता है। आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि उसके साथ सात से आठ अन्य साथी इस अवैध कारोबार में संलिप्त हैं।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही उसके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक मुसाबनी, पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय कुमार पासवान, अवर निरीक्षक सिदो मुर्मू सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।









